पेत्रुस ने शतपति और उसके परिवार से कहा, "नाजरेत के येसु के विषय में यहूदिया भर में क्या-क्या हुआ है, उसे आप लोग जानते ही हैं। यह सब गलीलिया में प्रारंभ हुआ उस बपतिस्मा के बाद, जिसका प्रचार योहन ने किया था। ईश्वर ने येसु को पवित्र आत्मा तथा सामर्थ्य से विभूषित किया और वह चारों ओर घूम-घूम कर भलाई करते रहे और शैतान के वश में आये हुए लोगों को चंगा करते रहे, क्योंकि ईश्वर उनके साथ था। जो कुछ उन्होंने यहूदियों के देश और येरुसालेम में किया है, उसके साक्षी हम हैं। उन्हीं को लोगों ने क्रूस पर चढ़ा कर मार डाला है, परन्तु ईश्वर ने उन्हें तीसरे दिन जिलाया और प्रकट होने दिया, सारी जनता के सामने नहीं, बल्कि उन साक्षियों के सामने जिन्हें ईश्वर ने पहले ही से चुन लिया था। वे साक्षी हम हैं। मृतकों में से उनके जी उठने के बाद हम लोगों ने उनके साथ खाया-पिया है। और उन्होंने हमें आदेश दिया है कि हम जनता को उपदेश दे कर घोषित करें कि ईश्वर ने उन्हें जीवितों और मृतकों का न्यायकर्त्ता नियुक्त किया है। उन्हीं के विषय में सब नबी घोषित करते हैं कि जो कोई उन में विश्वास करेगा, उसे उनके नाम द्वारा पापों की क्षमा मिलेगी।
प्रभु की वाणी।
अनुवाक्य : यह ईश्वर का ठहराया हुआ दिन है; हम आज प्रफुल्लित होकर आनन्द मनायें। (अथवा : अल्लेलूया।)
1. प्रभु का धन्यवाद करो, क्योंकि वह भला है। "उसका प्रेम अनन्तकाल तक बना रहता है।" इस्राएल का घराना यह कहता जाये - "उसका प्रेम अनन्तकाल तक बना रहता है।"
2. प्रभु के दाहिने हाथ ने अपना बल दिखाया है; उसके दाहिने हाथ ने मेरा उद्धार किया है। मैं नहीं मर जाऊँगा, मैं जीवित रहूँगा और प्रभु के कार्यों का बखान करूँगा।
3. कारीगरों ने जिस पत्थर को निकाल दिया था, वही कोने का पत्थर बन गया है। यह प्रभु का कार्य है, यह हमारी दृष्टि में अपूर्व है।
भाईयो! आप लोग मसीह के साथ ही जी उठे हैं, जो ईश्वर के दाहिने विराजमान हैं इसलिए ऊपर की चीजें खोजते रहें। आप पृथ्वी पर की नहीं, ऊपर की चीजों की चिन्ता किया करें। आप तो मर चुके हैं, आपका जीवन मसीह के साथ ईश्वर में छिपा हुआ है। मसीह ही आपका जीवन है। जब मसीह प्रकट होंगे, तब आप भी उनके साथ महिमान्वित हो कर प्रकट हो जायेंगे।
प्रभु की वाणी।
भाइयो! क्या आप लोग यह नहीं जानते कि थोड़ा-सा खमीर सारा आटा खमीरा बना देता है? पुराना खमीर निकाल दीजिए, जिससे आप नया सना हुआ आटा बन सकें; क्योंकि हमारा पास्का का मेमना, मसीह बलि चढ़ाये जा चुके हैं। इसलिए हम पुराने खमीर से नहीं, बुराई तथा दुष्टता के खमीर से नहीं, बल्कि शुद्धता तथा सच्चाई की बेखमीर रोटी से पर्व मनायें।
प्रभु की वाणी।
पास्का के मेमने के आदर में मसीह के भक्त भजन गायें। मेमने ने भेड़ों को मुक्त किया निर्दोष मसीह ने परमपिता से पापियों का मेल कराया है। जीवन तथा मरण में अपूर्व द्वन्द्व-युद्ध हुआ। जीवन के प्रभु मर गये थे, किन्तु अब वह पुनर्जीवित हो कर राज्य करते हैं। हे मरियम! हमें बता दो तुमने रास्ते में क्या देखा है? मैंने जीवित मसीह की कब्र, और पुनर्जीवित की महिमा देखी है। मैंने गवाही देने वाले स्वर्गदूतों को, अँगोछा और कफन को देखा है। मेरे जीवन के आधार, मसीह जी उठे हैं। वह आप लोगों से पहले गलीलिया जायेंगे। हम जानते ही हैं मसीह सचमुच मृतकों में से जी उठे हैं। हे विजयी राजा! हम सबों पर दया कर। आमेन।
अल्लेलूया, अल्लेलूया! हमारा पास्का का मेमना, मसीह बलि चढ़ाये जा चुके हैं। इसलिए हम प्रभु के आनन्द में पर्व मनायें। अल्लेलूया!
मरियम मगदलेना सप्ताह के प्रथम दिन, तड़के मुँह अँधेरे ही, कब्र के पास पहुँची। उसने देखा कि कब्र पर से पत्थर हटा दिया गया है। उसने सिमोन पेत्रुस तथा उस दूसरे शिष्य के पास, जिसे येसु प्यार करते थे, दौड़ती हुई आ कर कहा, वे प्रभु को कब्र में से उठा ले गये और हमें पता नहीं कि उन्होंने उनको कहाँ रखा है।" पेत्रुस और दूसरा शिष्य कब्र की ओर चल पड़े। "वे दोनों साथ-साथ दौड़े। दूसरा शिष्य पेत्रुस को पिछेड़ कर पहले कब्र पर पहुँचा। उसने झुक कर यह देखा कि छालटी की पट्टियाँ पड़ी हुई हैं, किन्तु वह भीतर नहीं गया। सिमोन पेत्रुस उसके पीछे-पीछे चल कर आया और कब्र के अन्दर गया। उसने देखा कि पट्टियाँ पड़ी हुई हैं और येसु के सिर पर जो अँगोछा बँधा था, वह पट्टियों के साथ नहीं, बल्कि तह किया हुआ दूसरी जगह अलग पड़ा हुआ है। तब वह दूसरा शिष्य भी, जो कब्र के पास पहले आया था, भीतर गया। उसने देखा और विश्वास किया; क्योंकि वे अब तक धर्मग्रंथ का वह लेख नहीं समझ पाये थे जिसके अनुसार उनका जी उठना अनिवार्य था।
प्रभु का सुसमाचार।